नहाय-खाय के साथ छठ पूजा शुरू

उत्तराखंड गढ़वाल समाचार

देहरादून। नहाय-खाय के साथ आज से छठ महापर्व शुरू हो गया है। दून में विभिन्न स्थानों पर नहाय-खाय और छठ मइया का पूजन होगा। पूर्वा सांस्कृतिक मंच और बिहारी महासभा की ओर से विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व को लेकर पूर्वांचल मूल के लोग खासे उत्साहित हैं। दून में भी सोमवार से नहाय-खाय के साथ छठ पर्व की औपचारिक शुरुआत हो गई है। छठ व्रत करने वाली महिलाएं और पुरुष स्नान और सात्विक भोजन के बाद व्रत शुरू करेंगे। व्रती लौकी, अरहर की दाल और कच्चा (अरवा) चावल के भात का भोजन करेंगे। व्रती छठ पर्व के समापन के बाद ही नमक युक्त भोजन करेंगे। छठ पर्व के तहत मंगलवार को घाटों पर मुख्य छठ पूजा होगी। संतान प्राप्ति और बच्चे की खुशहाली की कामना के लिए कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को छठ पूजा की जाती है। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में इस पूजा का विशेष महत्व है। देहरादून में भी बिहार के लोग इस पर्व को खासा उल्लास के साथ मनाते हैं। इस पर्व को लेकर टपकेश्वर, पथरी बाग, मालदेवता, चंद्रमनी, प्रेमनगर, पंडितवाड़ी, मद्रासी कालोनी, दीपनगर स्थित घाट पर सफाई के बाद पूजा की जाती है। नहाय-खाय की सुबह बिहारी महासभा से जुड़े लोग टपकेश्वर, चंद्रमनी, प्रेमनगर और मालदेवता स्थित घाटों की सफाई करेंगे। महासभा के महासचिव चंदन झा ने बताया कि बीते वर्ष कोरोना के चलते आयोजन नहीं हुए, लेकिन इस बार घाटों पर पूजा की जाएंगी। उन्होंने बताया कि हाल ही में पटेलनगर में बने छठ पार्क में पूजा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *