पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य करते हुए महिलाओं ने निकाली रैली

उत्तराखंड गढ़वाल समाचार

देहरादून। उत्तराखंड में सशक्त भू कानून की मांग को लेकर राजधानी देहरादून में गांधी पार्क गेट से शहीद स्थल तक उत्तराखंड महिला मंच की सदस्यों ने रविवार को अनोखा प्रदर्शन किया। पारंपरिक वेशभूषा में लोक नृत्य करते हुए महिलाओं ने रैली निकाली। अपनी संस्कृति, सम्मान, पहचान और भूमि को बचाने के लिए महिला मंच के स्थापना दिवस पर शहर में भव्य सांस्कृतिक रैली निकाली गई। गांधी पार्क से शुरू हुई इस सांस्कृतिक रैली में राज्य आंदोलनकारी मंच, गढ़वाल सभा, देव शक्ति संगठन, युवा शक्ति संगठन शामिल हुए। 2018 के भू कानून को तत्काल रद्द करने की मांग को लेकर सांस्कृतिक रैली गांधी पार्क से प्रारम्भ होकर शहीद स्थल पर समाप्त हुई। इस दौरान महिलाओं की वेशभूषा और लोक नृत्य ने सबका ध्यान खींचा। इसी तरह हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी भू कानून लागू करने की मांग को लेकर भू अध्यादेश अधिनियम अभियान के तहत प्रदर्शनकारियों का धरना जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांग पूरी न होने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।दीन दयाल उपाध्याय पार्क पर धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों को विभिन्न संगठनों ने भू अध्यादेश अधिनियम अभियान को अपना समर्थन दिया। वहीं उत्तराखंड रक्षा मोर्चा की सरिता जुयाल ने कहा कि भू कानून लागू नहीं कर सरकार प्रदेश की जनता के साथ धोखा करना चाहती है। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *