हरेला अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश

अन्य उत्तराखंड कुमांऊँ समाचार गढ़वाल समाचार देश

पौड़ी। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने आगामी हरेला पर्व की तैयारियों को लेकर गढ़वाल मंडल के जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। उन्होंने हरेला अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने, गमलों में तैयार पौधों का वितरण करने तथा प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही उद्यान विभाग को फलदार एवं औषधीय पौधों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। आयुक्त ने चमोली, रुद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी में धामों के आसपास तथा चारधाम यात्रा मार्ग के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में रामबांस, नेपियर घास एवं अन्य उपयुक्त प्रजातियों का विशेष वृक्षारोपण कराने तथा स्लाइडिंग जोन में बायो-इंजीनियरिंग विशेषज्ञों की सलाह लेने के निर्देश दिए। टिहरी की जिलाधिकारी निकिता खंडेलवाल ने बताया कि बिना क्रैश बैरियर वाले सड़क मार्गों पर वृक्षारोपण किया जाएगा, जबकि उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने नेताला क्षेत्र में रामबांस रोपण की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने पौधरोपण स्थलों के चयन, जियो-टैगिंग, समयबद्ध तैयारियां, पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरेला दिवस पर सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अभियान की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित करने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, टिहरी निकिता खंडेलवाल, उत्तरकाशी प्रशांत आर्य, पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया, रुद्रप्रयाग विशाल शर्मा सहित विभिन्न जनपदों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से तथा आयुक्त कैंप कार्यालय में सीडीओ पौड़ी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *