अत्याधुनिक “प्लेस ऑफ सेफ्टी” का भूमि पूजन

अन्य उत्तराखंड कुमांऊँ समाचार गढ़वाल समाचार देश राजनीति

हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने आज हरिद्वार के रोशनाबाद में 555.15 लाख की लागत से बनने वाले प्रदेश के पहले अत्याधुनिक “प्लेस ऑफ सेफ्टी” का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। यह विशेष केंद्र, राज्य के सभी जनपदों के गंभीर मामलों में न्यायालय में विचाराधीन 16 से 18 वर्ष के किशोरों के लिए बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारी संवेदनशील सरकार का मानना है कि किशोर न्याय अधिनियम का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि बच्चों को सुधारकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। 16 से 18 वर्ष की संवेदनशील आयु में गलत संगति या परिस्थितियों के कारण अपराध की ओर बढ़े किशोरों को सामान्य अपराधियों के साथ रखना उनके भविष्य के लिए घातक हो सकता है, इसीलिए हमारी सरकार ने यह पृथक व्यवस्था की है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस परिसर को महज एक आवासीय केंद्र न बनाकर ऐसा माहौल दें जो किशोरों की मानसिकता में सकारात्मक बदलाव लाए। यहाँ विशेषज्ञ मनोवैज्ञानिकों और काउंसलरों की व्यवस्था के साथ-साथ अनिवार्य शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और कौशल विकास के प्रभावी प्रबंध किए जाएंगे, ताकि यहाँ से निकलने वाला हर किशोर पूरे आत्मविश्वास और हुनर के साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में लौटे।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान, विभागीय निदेशक बंसीलाल राणा, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण तिवारी सहित विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *