आज शाम नए सीएम के रूप में पुष्कर सिंह धामी की होगी ताजपोशी, सभी मंत्री लेंगे शपथ

उत्तराखंड गढ़वाल समाचार

देहरादून। उत्तराखंड में चार महीने के अंदर तीसरा मुख्यमंत्री चुनकर भाजपा ने चुनावी साल में युवा चेहरे पर दांव खेला है। खटीमा सीट के युवा विधायक पुष्कर सिंह धामी रविवार को प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। 
पहले वे शनिवार को ही शपथ लेने वाले थे, लेकिन बाद में कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने जानकारी दी कि आज शाम साढ़े चार बजे राजभवन में मुख्यमंत्री और सभी मंत्री शपथ लेने जा रहे हैं। इससे पहले यह चर्चा थी कि आज केवल पुष्कर सिंह धामी ही शपथ ग्रहण करेंगे।
धामी के नाम की घोषणा करके भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर सियासी पंडितों को चौंका दिया। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में गिने जा रहे दिग्गज नेता सतपाल महाराज, त्रिवेंद्र सिंह रावत, धनसिंह रावत समेत कई बड़े नाम निर्णायक क्षण में पिछड़ गए। 
शनिवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और मदन कौशिक ने धामी का नाम प्रस्तावित किया। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज, बंशीधर भगत, हरबंस कपूर, रेखा आर्य और ऋतु खंडूड़ी ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया।
इसके बाद भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर ने पुष्कर धामी को सर्वसम्मति से भाजपा विधान मंडल दल का नेता चुने जाने का एलान किया। छात्र राजनीति से चमके 45 वर्षीय धामी प्रदेश के अब तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *