कुशासन की वजह से भाजपा ने बदले तीन सीएम : पवन खेड़ा

उत्तराखंड गढ़वाल समाचार

देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा का चार साल का कार्यकाल कुशासन का रहा है। इस वजह से पार्टी को तीन मुख्यमंत्री बदलने पड़े हैं। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार का आम जन से कोई सरोकार नहीं है। राज्य के सामने महंगाई और बेरोजगारी जैसी मुख्य समस्याएं हैं। महंगाई और कोरोना की वजह से राज्य की अर्थव्यवस्था मंदी का सामना कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में बेरोजगारी की दर छह गुना बढ़ी है। शिक्षित युवाओं की बेरोजगारी में 14.2 फीसद की वृद्धि हुई। अन्य पहाड़ी प्रदेशों के मुकाबले उत्तराखंड में पर्यटन की रफ्तार धीमी पड़ी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम ने आम आदमी का जीवन दूभर कर दिया है। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी के आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कुल कर्ज 31 मार्च, 2022 तक 68 हजार करोड़ रुपये हो जाएगा। यह प्रदेश की करीब ढाई लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था का तिहाई से ज्यादा होगा। रोजगार के मामले में प्रदेश सरकार झूठ बोल रही है। एक सवाल के जवाब में पवन खेड़ा ने उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व या चेहरे को लेकर टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह उनके स्तर का मामला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *