CMS के 23 छात्रों को 92 लाख रूपये की स्कॉलरशिप

उत्तर प्रदेश समाचार शिक्षा

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के 23 मेधावी छात्रों को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा 92 लाख रूपये की स्कॉलरशिप से नवाजा गया है। सी.एम.एस. छात्रों को यह स्कॉलरशिप विज्ञान विषय में उच्च स्तरीय शिक्षा हेतु प्रदान की जायेगी, जिसके अन्तर्गत प्रत्येक छात्र को पाँच वर्षों तक प्रतिवर्ष रु. 80,000/- अर्थात कुल चार लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार, सभी 23 छात्रों को कुल 92 लाख रूपये की स्कॉलरशिप प्रदान की जायेगी। इन मेधावी छात्रों ने इस वर्ष की आई.एस.सी. (कक्षा-12) परीक्षा-2021 में अपने मेधात्व का अभूतपूर्व परचम लहराते हुए पूरे देश में ‘टॉप वन परसेन्ट’ मेरिट सूची में स्थान अर्जित किया है एवं इसी अभूतपूर्व प्रदर्शन हेतु इन छात्रों को विज्ञान की उच्चस्तरीय शिक्षा हेतु इस प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप हेतु चयनित किया गया है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. के इन होनहार छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य कामना की।
उक्त जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि स्कॉलरशिप अर्जित करने वाले सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के इन 23 छात्रों में प्रसून पटेल, साद मोहम्मद अकबर, अभिज्ञान शर्मा, दीपांशु गुप्ता, यश प्रताप सिंह, जूही बाजपेयी, वैभव अवस्थी, यागिनी गुप्ता, अक्षत शर्मा, अनुष्का शुक्ला, दिव्यांश वर्मा, अनविक्षा सोनी, मोहम्मद शारिब अहमद, शुभ वत्सला सिंह, अश्विनी कुमार, पलक मिश्रा, विनायक शुक्ला, रिशिका शुक्ला, श्याम अग्रवाल, शुभि कपूर, कुशाग्र शंकर सक्सेना, अपुल रंजन एवं पार्थ द्विवेदी शामिल हैं। सी.एम.एस. के इन मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के अलावा सी.एम.एस. के शैक्षिक वातावरण को दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *