देहरादून। उत्तराखंड राज्य के मुख्य मंत्री पुष्कर सिह धामी ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा की स्वर कोकिला, सुर साम्राज्ञी, ख्यातिलब्ध पार्श्व गायिका ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर जी के निधन की खबर से मन अत्यंत दुखी है। वे संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी और उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं सतपाल महाराज ने कहा की भारत रत्न से सम्मानित तथा “भारत कोकिला” के नाम से विश्व विख्यात पार्श्व गायिका, लता मंगेशकर जी का निधन भारतीय संगीत क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। मेरी गहरी संवेदनाएं स्वर्गीय लता मंगेशकर जी के परिजनों एवं उनके असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं।
भाजपा नेता अजय कुमार ने कहा की स्वर कोकिला, ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर का निधन बहुत ही दुःखद और करोडों संगीत प्रेमियों व कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। संगीत जगत में उनकी रिक्तता पूर्ण करना अत्यंत कठिन है। माँ गंगा से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व उनके असंख्य प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।
अमृता रावत ने कहा की ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर का निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक प्रखर देशभक्त थी, जिन्होंने अपनी संगीत साधना के माध्यम से हर हिंदुस्तानी के दिल में जगह बनाई थी। लता जी ने 7 दशकों तक करीब 30 हजार गानों के माध्यम से अपनी सुरीली आवाज का जादू अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिखेरा है। करोड़ों देशवासियों की तरह मैं भी उनके गानों की प्रशंसक रही हूं। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शान्ति व उनके चाहने वालों को सम्बल प्रदान करें।