एक ही विद्यालय के सर्वाधिक चार छात्र आई.ए.एस. में चयनित

उत्तर प्रदेश समाचार शिक्षा

लखनऊ। विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी सिटी मोन्टेसरी स्कूल के चार छात्रों ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आई.ए.एस.) में चयनित होकर विद्यालय का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है। इन छात्रों में यशार्थ शेखर (12वीं रैंक), अनुजा त्रिवेदी (241वीं रैंक), आयुष कुमार शिहारे (391वीं रैंक) एवं स्पर्श वर्मा (644वीं रैंक) शामिल हैं। सी.एम.एस. के इन सभी होनहार छात्रों की अभूतपूर्व सफलता पर पूरे सी.एम.एस. परिवार को गर्व है, जिन्होंने अपनी मेधा, प्रतिभा व लगन से सी.एम.एस. के स्वर्णिम इतिहास में नया कीर्तिमान जोड़ा है एवं पूरे देश में सी.एम.एस. का नाम रोशन किया है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. के इन मेधावी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के अलावा सी.एम.एस. के शान्तिपूर्व व ईश्वरीय एकता से ओतप्रोत शैक्षिक वातावरण को दिया है। इन छात्रों का कहना है कि सी.एम.एस. का प्रेरणादायी शैक्षिक वातावरण छात्रों को उत्साह से भर देता है।
सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सी.एम.एस. के इन होनहार छात्रों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि ये मेधावी छात्र सी.एम.एस. की फिलासफी के अनुसार वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को अपने कर्म क्षेत्र में सेवा काल के दौरान सारे विश्व में फैलायेंगे और सम्पूर्ण विश्व को एकता के सूत्र में पिरोने में अपना योगदान देंगे। डा. गाँधी ने सी.एम.एस. के कर्तव्यपरायण शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि सी.एम.एस. के इन शिक्षकों के द्वारा ही इन मेधावी छात्रों की नींव मजबूत हुई है। यह उसी का प्रतिफल है कि सी.एम.एस. छात्र प्रतिवर्ष आई.ए.एस., इन्जीनियरिंग, मेडिकल व अन्य व्यावसायिक सेवाओं में भारी संख्या में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *