हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने हिन्दी से जुड़ने का दिया संदेश

उत्तराखंड गढ़वाल समाचार

भगवती प्रसाद गोयल
ऋषिकेश, 13 सितम्बर। हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को हिन्दी से जुड़ने का संदेश देते हुये परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि ’’हिन्दी, भाषा ही नहीं हम भारतीयों के दिलों की घड़कन भी है।’’ हिन्दी, दिल की भाषा है और वह दिलों को जोड़ती है इसलिये हमें भी हिन्दी के साथ दिल से जुड़ना होगा और हर परिवार में हिन्दी को स्थान देना होगा। ज्यादा से ज्यादा हिन्दी बोले तथा भावी पीढ़ी को भी हिन्दी से जोड़े। हम अपनी-अपनी मातृभाषा जरूर बोले परन्तु हिन्दी सब को आनी चाहिये इसके लिये भी प्रयास करना होगा।
स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि भारत की महान, विशाल, गौरवशाली सभ्यता, संस्कृति और विरासत को सहेजने में हिन्दी का महत्वपूर्ण योगदान है। हिन्दी भारतीय संस्कारों और संस्कृति से युक्त भाषा है। हिन्दी से जुड़ना अर्थात अपनी जड़ों से जुड़ना; अपने मूल्यों से जुड़ना और अपनी संस्कृति से जुड़ने से है। भारत में हिन्दी और संस्कृत का इतिहास बहुत पुराना है। हिन्दी, न केवल एक भाषा है बल्कि वह तो भारत की आत्मा है।
भारत जैसे विशाल और विविधताओं से युक्त राष्ट्र में हिन्दी न केवल संवाद स्थापित करने का एक माध्यम है बल्कि हिन्दी ने सदियों से हमारी सभ्यता, संस्कृति और साहित्य को सहेज कर रखा है। भारत, बहुभाषी देश है यहां पर हर सौ से दो सौ किलोमीटर पर अलग-अलग भाषाएँ और बोलियाँ बोली जाती हैं और प्रत्येक भाषा का अपना एक महत्व है परन्तु हिन्दी के विकास और प्रसार की अपार संभावनाएँ हैं बस जरूरत है तो हिन्दी भाषा को दिल से स्वीकार करने की।
हिंदी, भारत की संपर्क भाषा है और निरन्तर विकसित और परिष्कृत भी हो रही है परन्तु अब जरूरत है तो हिन्दी को सम्मानजनक स्थान दिलाने की इसलिये उसे भारत के प्रत्येक घर और हर भारतीय के हृदय में स्थान देना होगा। आईये संकल्प लें हिन्दी से जुड़े और जोड़े।
14 सितंबर का दिन देशभर में हिंदी दिवस के तौर पर मनाया जाता है। 14 सितंबर, 1949 को हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया। वर्ष 1949 में 14 सितंबर के दिन संविधान सभा ने हिंदी को ही भारत की राजभाषा घोषित किया। इस निर्णय के बाद हिंदी को हर क्षेत्र में प्रसारित करने के लिये राष्ट्रभाषा प्रचार समिति, वर्धा के आग्रह पर वर्ष 1953 से पूरे भारत में 14 सितंबर को हर साल हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाने लगा। पहला हिंदी दिवस 14 सितंबर 1953 को मनाया गया। हिंदी विश्व में सबसे अधिक बोली जाने वाली पाँच भाषाओं में से एक है इसलिये हर साल 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *