देहरादून। कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने आज गंगोत्री विद्या निकेतन बापू ग्राम सुमन विहार ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम में मेधावी छात्रों के साथ ही नगर के नवनिर्वाचित मेयर शंभु पासवान तथा पार्षदों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। यह देखकर अत्यंत हर्ष हुआ कि यह विद्यालय छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की भी शिक्षा दे रहा है। उन्होंने कहा कि आशा है कि सभी विद्यार्थी इसी तरह अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें और सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये, जो उनके अनुशासन और उत्कृष्टता को दर्शाता है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश के ये उदीयमान युवा उत्तराखण्ड के विकास में अपना अहम योगदान देने के साथ ही एक सशक्त और विकसित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। हमारे प्रदेश की युवा शक्ति प्रतिभा एवं ऊर्जा का अनंत भंडार है व प्रदेश सरकार भी राज्य के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है तथा प्रदेश सरकार शिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी का समावेश करते हुए शिक्षकों व विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यार्थियों के साथ ही शिक्षकों के उत्थान हेतु भी हमारी डबल इंजन सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं।

