रुद्रप्रयाग, 15 अप्रैल। आगामी 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिनकी लगातार मॉनिटरिंग जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा स्वयं की जा रही है।
प्रशासन द्वारा गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ मंदिर तक पूरे पैदल मार्ग को रोशनी से जगमगाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इस कड़ी में यात्रा मार्ग पर 600 स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को रात्रि के समय भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इसके साथ ही ट्रेक रूट पर 200 सोलर लाइटें भी लगाई गई हैं, जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ पैदल मार्ग पर निरंतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी।
तीर्थ यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पष्ट साइनेज और डायवर्जन बोर्ड भी लगाए हैं। इन संकेतकों के माध्यम से यात्रियों को मार्गदर्शन मिलेगा तथा यात्रा व्यवस्थित ढंग से संचालित हो होगी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि ट्रेक रूट पर 200 सोलर लाइट और 600 स्ट्रीट लाइट स्थापित कर दी गई हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर साइनेज और डायवर्जन बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

