दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

अन्य उत्तराखंड कुमांऊँ समाचार गढ़वाल समाचार देश राजनीति

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा, सुशासन, समर्पण–जन-जन की सरकार, जन के द्वार” अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड ऊखीमठ की दूरस्थ ग्राम पंचायत हुड्डु में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता तहसीलदार ऊखीमठ निशांत कंबोज ने की। कार्यक्रम में मुख्य अथिति के रूप में राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने भी शिरकत की,शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की गई।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, बाल विकास, पर्यटन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 48 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि आयुर्वेदिक विभाग ने 45 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने 5 पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया। कृषि विभाग ने 8 किसानों तथा उद्यान विभाग ने 10 लाभार्थियों को कृषि यंत्र वितरित किए। दुग्ध विकास विभाग ने 20 लाभार्थियों को आवश्यक सामग्री एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया। वहीं इंडियन गैस एजेंसी द्वारा 5 लाभार्थियों की ई-केवाईसी कर गैस पाइप वितरित किए गए।
इस अवसर पर सीमांत अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा, सुशासन, समर्पण” अभियान दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचा रही है, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल रही है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शीशपाल सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रियंका नेगी, भरत सिंह नेगी, खंड विकास अधिकारी अनुष्का, खंड शिक्षा अधिकारी यशवीर सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *