देहरादून, 04 अगस्त। जन कल्याण संस्था द्वारा श्री रामचरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ स्कॉलर्स प्राइड स्कूल सेक्टर 16 से किया गया। संस्था के फाउंडर प्रधान एस सी गुप्ता तथा रविन्द्र कुमार मनचंदा एवं जे पी शर्मा की उपस्थिति में इस प्रतियोगिता में स्कॉलर्स प्राइड के कुल 41 विद्यार्थियों ने प्रस्तुति दी। उल्लेखनीय है कि एस सी गुप्ता जी पिछले 34 वर्षों से श्री रामचरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता का फरीदाबाद एवं पलवल के विद्यालयों में आयोजन करवा रहे हैं। इस वर्ष की प्रतियोगिताओं का शुभारंभ स्कॉलर्स प्राइड विद्यालय से आरम्भ किया गया जिस में श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन में 26 विद्यार्थियों तथा श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण में 15 विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता की। रविन्द्र कुमार मनचंदा ने बताया कि श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन में रुत्थिका, दक्षा और संयुन को ग्रुप द्वितीय, ग्रुप तृतीय एवं ग्रुप चतुर्थ में प्रथम घोषित किया गया। श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण में स्वाति शर्मा और सुशांत को ग्रुप द्वितीय और ग्रुप तृतीय में प्रथम घोषित किया गया। विजेता विद्यार्थियों को जोनल प्रतियोगिता में प्रतिभागिता का अवसर प्राप्त होगा। विद्यालय में द्वितीय स्थान पर रहे विद्यार्थियों को विद्यालय में ही संस्था द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है। युवा पीढ़ी को सनातन ग्रंथों के विषय में ज्ञान उपार्जन, पढ़ने एवं समझने का भी अवसर मिल रहा हैं। मनचंदा ने कहा कि श्री एस सी गुप्ता इतने वर्षों से निरंतर प्रयासरत हैं कि युवा पीढ़ी एवं हम सभी श्रीरामचरितमानस में मर्यादापुरुषोतम भगवान श्री राम द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चले एवं श्री मद्भागवतगीता में योगीराज भगवान श्री कृष्ण द्वारा बताए गए कर्म पर विश्वास करने के सिद्धांत पर निरंतर अग्रसर रहे। जनकल्याण संस्था ने विद्यालय प्राचार्य श्रीमती रचना जुनेजा एवं कार्यक्रम संयोजक अध्यापिकाओं का सुंदर व्यवस्था एवं संयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।

