एसआईआऱ प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी, 9.31 लाख वोटर बाहर

अन्य उत्तराखंड कुमांऊँ समाचार गढ़वाल समाचार देश

देहरादून। उत्तराखंड में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई, जिसके प्रदेश के कुल 9,31,685 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर हुए हैं। जिन मतदाताओं के वोट कट गए होंगे, उन्हें दोबारा फॉर्म-6 भरकर वोट बनवाने का मौका मिलेगा। एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में कई स्तरों पर सत्यापन और नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रेस वार्ता में बताया कि उत्तराखंड में एसआईआर की प्रक्रिया आठ जून से शुरू हुई थी। उस समय प्रदेश में कुल 79 लाख मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई। ड्राफ्ट सूची में प्रदेश में करीब 71,33,785 मतदाता रह गए थे। मतदाताओं को गणना प्रपत्र भेजे गए थे, जो सात जुलाई तक भरकर वापस लिए गए। इसके बाद 14 जुलाई को आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की। 14 जुलाई से 13 अगस्त दावे और आपत्तियां दर्ज करने का मौका दिया गया। 10 जुलाई से 28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों की सुनवाई, निस्तारण किया गया। पहले अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी होनी थी लेकिन बाद में चुनाव आयोग ने पांच जिलों के मतदाताओं का यूपी के सीमावर्ती जिलों से सत्यापन के चलते तिथि बदलकर तीन अक्तूबर कर दी थी। छूटे हुए, नए मतदाताओं को फॉर्म-6 भरकर दोबारा मतदाता बनने का मौका दिया जाएगा।
एसआईआर की पूरी प्रक्रिया के बाद अब प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,29,872 नए मतदाता भी शामिल किए गए हैं। इस तरह अंतिम सूची में ड्राफ्ट मतदाता सूची की तुलना में मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। बताया कि अब नए मतदाता शामिल करने का विशेष अभियान चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *