उत्तरकाशी। अन्नकूट पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ अपराह्न 12:05 बजे बंद हुए कपाट, पुलिस सुरक्षा के बीच सेना के बैंड और ढोल-दमाऊ की मधुर धुनों के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई मां गंगा की उत्सव डोली।
मां गंगा के उद्गम स्थल पर स्थित उत्तराखण्ड के विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री गंगोत्री धाम के कपाट आज अन्नकूट के पावन पर्व पर अभिजीत मुहूर्त में अपराह्न 12 बजकर 05 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच मां गंगा की उत्सव डोली सेना के बैंड, ढोल-दमाऊ की मधुर धुनों एवं सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मां गंगा के जयकारों के साथ गंगोत्री धाम से उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई।
मां गंगा की उत्सव डोली का आज रात्रि विश्राम मां चंडी देवी (मार्कण्डेय पुरी) मंदिर में होगा। इसके पश्चात कल भैयादूज के पावन पर्व पर मां गंगा की उत्सव डोली अपने मायके मुखबा (मुखीमठ) पहुंचेगी, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मां गंगा की भोग मूर्ति को आगामी छह माह के लिए विराजमान किया जाएगा। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मुखबा (मुखीमठ) स्थित मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल गंगा मंदिर में ही मां गंगा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
उत्तरकाशी पुलिस चारधाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के साथ-साथ शीतकालीन यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए प्रतिबद्ध है। शीतकालीन यात्रा एवं आगामी वर्ष श्री गंगोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले समस्त श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करती है।


