राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस – चिकित्सक ईश्वर का ही रूप, समाज चिकित्सकों का कृतज्ञ

शिक्षा हरियाणा समाचार

फरीदाबाद। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, गाइड्स और जूनियर रेडक्रॉस ने प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों द्वारा दी जा रही सेवाओं के लिए कृतज्ञता और आभार व्यक्त किया। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि इस वर्ष हमारे चिकित्सक हमारे लिए कोरोना योद्धा बनकर उभरे हैं और इसलिए इस वर्ष 2021 में नेशनल डॉक्टर्स डे की थीम कोरोना वायरस से जोड़ कर ही रखी गई है यह थीम एक स्वस्थ दुनिया के निर्माण के लिए रखी गई है। सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड अधिकारी और प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एक जुलाई को भारत के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ बिधान चंद्र रॉय को श्रद्धांजलि और सम्मान देने के लिए उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर मनाया जाता है। उनका जन्म आज ही के दिन 1882 में बिहार के पटना जिले में हुआ था। कोलकाता में मेडिकल की शिक्षा पूरी करने के बाद डॉ. राय ने एमआरसीपी और एफआरसीएस की उपाधि लंदन से प्राप्त की। 1911 में उन्होंने भारत में चिकित्सकीय जीवन की शुरुआत की। इसके बाद वे कोलकाता मेडिकल कॉलेज में व्याख्याता बने। वहां से वे कैंपबैल मेडिकल स्कूल और फिर कारमिकेल मेडिकल कॉलेज गए। इसके बाद वे राजनीति में आ गए। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सदस्य बने और बाद में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री का पद भी संभाला। डॉ. राय को भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया था। 80 वर्ष की आयु में 1962 में अपने जन्मदिन के दिन एक जुलाई को ही उनकी मृत्यु हो गई थी। फरीदाबाद के जे आर सी काउन्सलर रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि महान फिजिशियन डॉ. बिधान चंद्र रॉय पं. बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री भी थे और उन्हें उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए पं. बंगाल राज्य का आर्किटेक्ट भी कहा जाता है। 1961 में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा गया था। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने विद्यालय की छात्राओं खुशी और भूमिका की पेंटिंग को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया। प्राध्यापिका जसनीत कौर और प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा के मार्गनिर्देशन में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर पेंटिंग बना कर उन के द्वारा विशेष रूप से कोरोना काल में समाज के हित में दिन रात की जा रही सेवाओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की तथा कहा कि समाज चिकित्सकों द्वारा की जा रही सेवाओं का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कॉर्डिनेटर गणित प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर, छात्रा खुशी, प्रियंका, निशा, गीतांजलि, भूमिका और अंजली का चिकित्सकों के त्याग और समर्पण बारे पेंटिंग बना कर आभार प्रकट करने के लिए सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *