देहरादून में बारिश से मौसम हुआ सुहाना

उत्तराखंड गढ़वाल समाचार

देहरादून। राजधानी देहरादून में रविवार को सुबह की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई। जिससे गर्मी छू-मंतर हो गई और मौसम सुहावना हो गया। लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि बाद में धूप खिल गई।
लेकिन दोपहर तीन बजे बाद एक फिर झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश से दूनवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिली। शहर में कहीं-कहीं जलभराव की समस्या भी देखने को मिली।वहीं आज फिलहाल अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहे। पहाड़ी इलाकों में धूप खिली रही।
राजधानी दून व आसपास के इलाकों में दो दिन पूर्व हुई झमाझम बारिश के बाद शनिवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया। दिन में कई बार बादल तो छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। धूप निकलने से पारा एक बार फिर 34.5 डिग्री तक पहुंच गया। इसके चलते लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पाकिस्तान से चलकर राजस्थान होते हुए उत्तराखंड पहुंच रही गर्म हवाएं मानसून का मिजाज बदल रही हैं। इन्हीं गर्म हवाओं के चलते मानसून भी पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पा रहा है।
मौसम विज्ञानियों का यह भी कहना है कि अभी मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने में थोड़ा वक्त लगेगा। जबकि, इससे पूर्व हर साल 21 जून तक मानसून के सक्रिय हो जाने के बाद मैदान से लेकर पहाड़ तक जबरदस्त बारिश होती थी, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज अजीबोगरीब रंग दिखा रहा है।
मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटे में नैनीताल और पिथौरागढ़ जैसे जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से इसे लेकर एलर्ट भी जारी किया गया है।
वहीं, मैदानी क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। जहां तक राजधानी देहरादून का सवाल है तो राजधानी में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की भी संभावना है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *