उच्चशिक्षा हेतु सी.एम.एस. छात्रा को 40,000 अमेरिकी डालर की स्कालरशिप

उत्तर प्रदेश समाचार शिक्षा

लखनऊ, 13 जुलाई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, महानगर कैम्पस की प्रतिभाशाली छात्रा शिंजनी कक्कड़ को उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका के पार्सन स्कूल ऑफ डिजाइन द्वारा 40,000 अमेरिकी डालर की स्कालरशिप से नवाजा गया है। शिंजनी को यह स्कालरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी। इस प्रकार, सी.एम.एस. की इस प्रतिभाशाली छात्रा ने अपनी लगन, प्रतिभा व शैक्षणिक उत्कृष्टता के दम पर विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में स्कालरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतिभाशाली छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय सी.एम.एस. के अपने शिक्षकों को दिया है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने शिंजनी की सफलता पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष सी.एम.एस. के 100 से अधिक मेधावी छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के लगभग 70 से अधिक छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में चयनित हो चुके है, जिनमें से अधिकतर को स्कालरशिप प्राप्त हुई है। श्री शर्मा ने आगे कहा कि सी.एम.एस. छात्रों के दृश्टिकोण को व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। सी.एम.एस. प्रदेश में एकमात्र एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कालरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद कर रहा है। इससे पहले, विदेश में उच्चशिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक प्रदेश के छात्रों को सैट परीक्षा के लिए दिल्ली जाना पड़ता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *