सी.एम.एस. के तीन छात्र 50-50 हजार रूपये के नगद पुरस्कार से पुरष्कृत

उत्तर प्रदेश समाचार शिक्षा

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) के तीन मेधावी छात्रों अभिदीप शिखर, आयुष राघवेन्द्र एवं क्षितिज नारायण को अभूतपूर्व शैक्षिक उपलब्धि हेतु सी.एम.एस. द्वारा पचास-पचास हजार रूपये के नगद पुरस्कार से पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया है। इन मेधावी छात्रों ने आस्ट्रेलियन काउन्सिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट (आई.बी.टी.) में 100 परसेन्टाइल के साथ विश्व में प्रथम रैंक अर्जित कर देश का मान बढ़ाया है। अभिदीप शिखर एवं आयुष राघवेन्द्र ने जहाँ एक ओर गणित विषय में 100 परसेन्टाइल अर्जित किया है तो वहीं दूसरी ओर क्षितिज नारायण ने विज्ञान विषय में 100 परसेन्टाइल अर्जित कर अपने ज्ञान का परचम लहराया है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा जगदीश गाँधी, सी.एम.एस. गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) की वरिष्ठ प्रधानाचार्या सुश्री मंजीत बत्रा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता बनर्जी ने इन तीनों मेधावी छात्रों को बधाई दी है।
उक्त जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि आस्ट्रेलियन काउन्सिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) संयुक्त राष्ट्र संघ की संस्था यूनेस्को का ऑफिसियल पार्टनर भी है, जो कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों की प्रतिभा का आकलन करता है। आई.बी.टी. टेस्ट किसी भी देश के पाठ्यक्रम के बजाय मूलतः छात्रों की प्रतिभा व कौशल पर आधारित होते हैं। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. का लगातार यही प्रयास है कि विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारा एवं प्रोत्साहित किया जाए। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र समय-समय पर विभिन्न राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कीर्तिमान स्थापित कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *