देश को तोड़ने वाली ताकतों से सावधान रहने की जरूरत : जमाल सिद्दीकी

उत्तराखंड गढ़वाल समाचार

देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर आए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि देश को बांटने व तोड़ने वाली ताकतों से सावधान रहने की आवश्यकता है। जो लोग यह झूठ फैला रहे हैं कि भाजपा अल्पसंख्यकों की हितैषी नहीं है, उस नकाब को भी फाड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो अल्पसंख्यकों समेत सभी वर्गों को सम्मान देने के साथ ही उनकी चिंता करती है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में सिद्दीकी ने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा देशभर में अल्पसंख्यकों को भाजपा से जोड़ने का काम कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सूत्र वाक्य सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास को सार्थक बनाने में कार्यकर्त्‍ता जुटे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अंत्योदय के सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है। कांग्रेस के शासनकाल में मुस्लिम समुदाय शोषित रहा, लेकिन अब उसके उत्थान को धरातल पर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोस्त कौन है और दुश्मन कौन, यह पहचानने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो समाज को बांटने की कोशिश करता है, वह भी देश तोड़ने जैसा है। ऐसी ताकतों को पहचानना होगा। अब तो ‘ओवैसी’ नामक नया वायरस आया है, लेकिन मोदी का टीका लगने के बाद यह काम नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी, जिन्ना की नीति पर चल रहे हैं। जिन्ना ने धर्म के नाम पर कुर्सी के लिए ऐसा देश बनाया, जहां धर्म के नाम तबाही है। जिन्ना के रूप में आए इस नए अवतार से बचना होगा। उन्होंने कहा कि यदि ओवैसी की पार्टी यहां से चुनाव लड़ती है तो इससे उत्तराखंड की गंगा-जमुनी तहजीब को ठेस लगेगी। हम चाहते हैं कि हैदराबाद जैसा जहर यहां न घुले। इसलिए समाज को टूट और आवैसी से बचाना है। साथ ही जोड़ा कि ओवैसी बरसाती मेंढक की तरह है और वे हैदराबाद में भी हारेंगे। सिद्दीकी ने कहा कि भाजपा नफा-नुकसान के लिए नहीं देश के लिए काम करती है। यह कार्यकर्त्‍ताओं की पार्टी है और सामान्य व्यक्ति को टिकट और जिम्मेदारी देती है, लेकिन इसका आधार धर्म नहीं योग्यता होता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष इसलिए एकजुट हो रहा, क्योंकि उसने काम नहीं किया। भाजपा ने सबके लिए काम किया है और आगामी विधानसभा चुनाव में वहां मुसलमानों का साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *