हरियाणा वीर शहीदी दिवस – वीर शहीदों को श्रद्धांजलि और प्रतियोगिताएं आयोजित

शिक्षा हरियाणा समाचार

फरीदाबाद। शिक्षा विभाग के आदेशानुसार राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, गाइड्स और जूनियर रेडक्रॉस ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में हरियाणा वीर शहीदी दिवस पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की। ब्रिगेड और जूनियर रेडक्रॉस प्रभारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि 23 सितंबर का दिवस 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद राव तुलाराम की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिवस हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के समय राव तुलाराम ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध मोर्चा संभालते हुए संघर्ष किया और आजादी की लौ को बुलंद करने में अति महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में राव तुलाराम के संघर्ष को कभी नहीं भुलाया जा सकता। आज भी क्षेत्र का युवा वर्ग देश सेवा में अवसर के लिए तत्पर ही नहीं रहता बल्कि देश सेवा का मौका मिलने पर स्वयं को गौरवांवित भी महसूस करता है। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों का अमर त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहा है और हमेशा ही रहेगा। इस महान योद्धा का अभूतपूर्व योगदान कभी भी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों की गौरवगाथाएं हमें अपनी समृद्ध विरासत पर सदैव गर्वान्वित करती रहेंगी। देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जाने-अनजाने शहीदों को प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचन्दा और गणित प्राध्यापिका डॉक्टर जसनीत कौर सहित समस्त अध्यापकों और सभी छात्राओं ने नमन किया। वीर शहीदी दिवस पर विद्यालय में निबंध लेखन और कविता पाठ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बालिकाओं ने सुंदर और वीर रस से परिपूर्ण कविता और जोशपूर्ण एवम क्रांतिकारी निबंध लेखन द्वारा सभी को देश प्रेम के भावना से ओत प्रोत कर दिया। इस प्रतियोगिता के सभी प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सभी छात्राओं को विद्यालय में पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *