चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय विश्व शान्ति महोत्सव शुरू

उत्तर प्रदेश समाचार शिक्षा

लखनऊ, 6 अप्रैल। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, इन्दिरा नगर कैम्पस द्वारा आयोजित चार दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय विश्व एकता एवं विश्व शांति महोत्सव ‘कॉन्फ्लुएन्स-2022’ का आज भव्य ऑनलाइन उद्घाटन समारोह सम्पन्न हुआ। सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट व एम.डी. प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने समारोह का विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में प्रो. किंगडन ने कहा कि ज्ञान व्यक्ति को शक्ति प्रदान करता है, किन्तु इस ज्ञान का कहीं दुरूपयोग न हो, इसके लिए शान्ति की शिक्षा का विशेष महत्व है। अतः यह आवश्यक है कि हम बच्चों को मानवीय गुणों से परिपूर्ण करें और एकता व शान्ति के विचार उन्हें बचपन से ही दें।
‘कॉन्फ्लुएन्स-2022’ का आयोजन 6 से 9 अप्रैल तक किया जा रहा है, जिसमें भारत व रूस के लगभग 35 विद्यालयों के छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं। इस महोत्सव में देश-विदेश के प्रतिभागी छात्रों हेतु विभिन्न रोचक व ज्ञानवर्धक प्रतियोगितायें आयोजित की जा रही हैं, इस अवसर पर सी.एम.एस. के मेधावी छात्रों ने सर्व-धर्म एवं विश्व शान्ति का आलोक बिखेरते अनेक शिक्षात्मक-सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने अपने सारगर्भित अभिभाषण में कहा कि भारत विश्व का जगत गुरू है और हमें अपनी सभ्यता, संस्कृति एवं संविधान के अनुरूप सारी वसुधा को कुटुम्ब बनाना है। सी.एम.एस. संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने भी प्रतिभागी छात्रों को आशीर्वाद दिया। ‘कॉन्फ्लुएन्स-2022’ की संयोजिका एवं सी.एम.एस. इन्दिरा नगर कैम्पस की प्रधानाचार्या सुश्री रुचि भुवन जोशी ने सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *