देहरादून। बाल साहित्य के क्षेत्र में पिछले तीन दशकों से निरंतर सक्रिय और चर्चित लेखिका डॉ. कुसुम रानी नैथानी को उनके उत्कृष्ट लेखन के लिए लता भिल्ला स्मृति ‘ बाल साहित्य भूषण श्री सम्मान’ से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें के०बी० हिंदी सेवा न्यास, बिसौली (बदायूं) द्वारा उनके बाल कहानी संग्रह ‘क्योंकि मैं लड़की हूं’ के लिए प्रदान किया गया है।
दिनांक 22 नवंबर 2026 को आर. के. इंटरनेशनल स्कूल बिसौली (जिला बदायूं) में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ.नैथानी को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह एवं नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया।
डॉ. कुसुम रानी नैथानी पिछले 30 वर्षों से बच्चों के लिए सरल, रोचक और प्रेरणादायक साहित्य का सृजन कर रही हैं। उनकी रचनाएं न केवल बच्चों का मनोरंजन करती हैं, बल्कि उनमें नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का भी संचार करती हैं। अब तक उनके 18 बाल कहानी संग्रह, एक बाल उपन्यास व आठ सौ से अधिक कहानियां प्रकाशित हो चुकी हैं जिन्हें पाठकों द्वारा काफी सराहा गया है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. नैथानी को इससे पूर्व भी उनकी कई उत्कृष्ट कृतियों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी गण अध्यक्ष श्री सतीश चंद्र शर्मा, ‘सुधांशु’ , महासचिव श्री आशुतोष शर्मा, उपाध्यक्ष नितिन सेठी, मुख्य अतिथि श्री खुराना जी, विशिष्ट अतिथि डॉ यूं० सी० नैथानी एवं बड़ी संख्या में देश के जाने माने साहित्यकार श्री घमण्डी लाल अग्रवाल, श्रीमती लता अग्रवाल’तूलजा’ सहित अन्य साहित्यकार उपस्थित थे।


