ऋषिकेश। पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते दाम और लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर ऋषिकेश में युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की गलत नीतियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। युवा कांग्रेस ने हरिद्वार मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष अमरजीत धीमान ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के चलते देशभर में महंगाई चरम पर पहुंच गई है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दाम अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच चुके हैं। इससे आवश्यक वस्तुओं की दर और परिवहन का व्यय बढ़ चुका है। उन्होंने ये भी कहा कि महंगाई के चलते आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजय धीमान ने कहा कि भाजपा की सरकार ने देश की जनता के साथ छल करने का काम किया, जिसका परिणाम भाजपा को आने वाले चुनाव में भुगतना होगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विवेक तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों से देश की जनता त्रस्त आ चुकी है। उत्तराखंड में 2022 में होने वाले चुनाव में राज्य की जनता इसका बदला लेगी। प्रदर्शन करने वालों में अभिषेक, पारस, मनप्रीत सिंह, श्याम शर्मा, शिवा सिंह, आशीष शर्मा, शिवम मलिक, लक्की, कृष्णा आदि मौजूद थे।
