सी.एम.एस. में यूनिवर्सिटी फेयर का आयोजन,

उत्तर प्रदेश समाचार शिक्षा

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल द्वारा ‘यूनिवर्सिटी फेयर’ का भव्य आयोजन आज सी.एम.एस. कानपुर रोड ऑडिटोरियम में किया गया। इस अवसर पर कक्षा 11 व 12 के हजारों छात्रों ने देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से पधारे प्रतिनिधियों से उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया को समझा। इस ‘यूनिवर्सिटी फेयर’ में इंग्लैण्ड, अमेरिका, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जर्मनी, जापान, न्यूजीलैण्ड, आयरलैण्ड, यू.ए.ई., स्पेन एवं भारत समेत 11 देशों के 50 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने छात्रों को उच्चशिक्षा से सम्बन्धित सारगर्भित जानकारी प्रदान की, ‘यूनिवर्सिटी फेयर’ की खास बात रही कि इसमें छात्रों को विदेश में उच्चशिक्षा, स्कॉलिस्टिक एप्टीट्यूट टेस्ट (सैट) एवं एडवांस प्लेसमेन्ट (एपी) प्रोग्राम की विस्तार से जानकारी प्राप्त करने के साथ ही देश-विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उपलब्ध पाठ्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करने का अनूठा अवसर मिला। यूनिवर्सिटी फेयर के अन्तर्गत आज सी.एम.एस. कानपुर रोड परिसर में आनंद व उल्लास से परिपूर्ण वातावरण में शैक्षणिक चर्चा-परिचर्चाओं का दौर देखने को मिला।
इससे पहले, यूनिवर्सिटी फेयर का शुभारम्भ करते हुए सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य यही है कि 12वीं के बाद छात्र किसी द्विविधा में न रहें, उन्हें अपना लक्ष्य मालूम हो और वे मानसिक रूप से सशक्त रहें। डा. गाँधी ने कहा कि शैक्षिक क्षेत्र में कड़ी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सी.एम.एस. का भरसक यही प्रयास है कि भावी पीढ़ी को उज्जवल भविष्य की अपार संभावनाएं मिल सके, जिससे आज की युवा पीढ़ी अपनी रूचि के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सपनों को साकार कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *