देहरादून। देहरादून जनपद की कैन्ट विधानसभा सीट पर इन विधानसभा चुनाव में एक नया रिकार्ड बना है। देश की आजादी के बाद जिले में पहली बार कोई महिला विधायक बनी हैं। कैंट विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक स्वर्गीय हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर के नाम यह रिकार्ड दर्ज हुआ है। वर्ष 1952 से शुरू हुई विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया के बाद से अब तक देहरादून सीट से कोई भी महिला विधायक नहीं चुनी गई थी। देहरादून कैंट सीट के जिस गढ़ को दिवंगत विधायक हरबंस कपूर ने जीते जी अविजित रखा, उनके जाने के बाद भी उसे कोई भेद न सका। हरबंस कपूर की विरासत को बचाने की जो जिम्मेदारी उनकी पत्नी सविता को मिली थी, वह उस कसौटी पर खरी उतरीं हैं, जनता ने भी कपूर परिवार पर भरोसा कायम रखा और सविता को बंपर वोट से जीत दिला दी। उन्होंने 21,000 हजार वोटों से केंट विधानसभा से जीत हासिल की।
वर्ष 1952 से 2022 तक दून में 76 महिला प्रत्याशी विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। जिले में वर्ष 1977 में पहली मर्तबा किसी महिला ने चुनावी मैदान में उतरने का साहस दिखाया था। तब निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर राजकुमारी ने चुनाव लड़ा, मगर वह हार गई थीं।
जिले के अंतर्गत आने वाली चकराता, विकासनगर, सहसपुर, कैंट, राजपुर व मसूरी विधानसभा सीटें टिहरी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आती है। जिसका प्रतिनिधित्व मौजूदा समय में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह कर रही हैं। वहीं, कांग्रेस की दिवंगत नेत्री मनोरमा डोबरियाल शर्मा राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं। इससे पहले वह दो बार देहरादून नगर निगम की महापौर भी रही थीं। वहीं, मधु चौहान जिला पंचायत अध्यक्ष और अनीता ममगाईं ऋषिकेश की महापौर हैं।